रोता हुआ बच्चा

आनंद गुप्ताआनंद गुप्ता19 Jul 1976

1 min read · 12.4K reads

यह आधी रात का समय है

जब सारे खाए-पीए-अघाए लोग

अपने दड़बों में चैन की नींद सोए हैं

सड़क के पार एक बच्चा लगातार रोए जा रहा है

रोते हुए बच्चे की भूख

मकानों से बार-बार टकराकर

घायल हो गिर रही है ज़मीन पर

यह कैसा समय है

कि बच्चे रोते चले जा रहे हैं

फ़लीस्तीन से वियतनाम तक

नामीबिया से सीरिया तक

काली हांडी से मराठवाड़ा तक

और वातानुकूलित कमरों के कान बंद हैं

राष्ट्रीय योजनाओं और घोषणा पत्रों से बाहर है

रोते हुए बच्चे

देश के नक़्शे पर पड़े ज़िंदा धब्बे

यह कैसा समय है

जब देश के अनाज का एक चौथाई

चील-कौओं और चूहों के नाम कर छोड़ा गया है

रोते हुए भूखे बच्चों का हिस्सा

किसी फ़ाइल में दर्ज नहीं है

बच्चा रोए जा रहा है

गोल-गोल रोटी-सा चाँद आकाश में हँसता है

बच्चे के पीछे विज्ञापन में मुस्कुराता एक चेहरा

सबको मुँह चिढ़ाता

देश की यश-गाथा गा रहा है

और बच्चा है कि रोए जा रहा है।

आनंद गुप्ता
About the poet

आनंद गुप्ता

नई पीढ़ी के कवि। मूल नाम : आनंद गुप्ता जन्म : 19/07/1976 | कोलकाता, पश्चिम बंगाल

View profile & all 19 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like