बादल ने नदी के ललाट पर
हौले से अपने होंठ रखे हैं
नदी के गालों पर
झिलमिलाता है प्रेम
धूप ने छक कर पिया
नदी के चेहरे का पानी
अब
नदी में बादल है
बादल में नदी
नदी के सीने पर
सावन रच रहा है
प्रेम का महाकाव्य
नदी की आदिम संतान
मछलियाँ
झुंड के झुंड
नर्तन कर रही हैं छप-छपाक
जैसे नदी पर बज रहा हो मृदंग
नाविक का चप्पू दे रहा हो ताल
हवाएँ झूमती मदमस्त
जैसे रवींद्र के गीत गूँज रहे हो चहुँ ओर
‘पागला हावार बादल दिने
पागल आमार मोन जेगे उठे।’
मानसूनी हवाओं के स्पर्श से
हौले से सिहरता है पुल
अभी
नदी में बादल है
बादल में नदी।








