किसी छोर से आरंभ करने की कोशिश
एक अंधी गुफा में हमें छोड़ आती है
अँधेरा हमें जकड़ना चाहता है
करवटें मन को थकाती हुईं
कोई दिलासा नहीं दे पातीं
इंतज़ार सुइयों-सा बोझिल आँखों में चुभता है
रात और सुबह के बीच
नींद किसी मकड़जाल में फँसी छटपटा रही है
मन अमेज़न का जंगल बन गया है
और तन रेगिस्तान
जहाँ मंज़िल से कहीं अधिक भटकाव है
अनगिनत यात्राएँ हैं
मेरी नींद के साथ चलती हुई
मेरी नींद में उग आए हैं
पाँव के नीचे पड़े असंख्य फोफले
मेरे ही बच्चे नींद के बाहर
सड़कों पर ख़ुद को घिसटते चले जा रहे हैं
मेरा ही कोई भाई
वक़्त की लड़ाई से हार कर
हमेशा के लिए नींद की आग़ोश में चला जा रहा है
भूख
अंतड़ियों के बाहर
इस वक़्त किसी राष्ट्रीय संबोधन में छटपटा रही है
जहाँ आँकड़े तो बड़े हैं
पर दिलासे बहुत कम
मौत को उत्सव में बदलकर
ताली पीटते हाथ
हमारे वक़्त का सबसे अश्लील मुहावरा हैं
जो मेरी नींद पर
खोटे सिक्के की तरह उछल कर झनझनाता है
वे बेहद सुखी लोग हैं
जो गहरी नींद में चादर ताने सो रहे हैं
मेरा सुख किसी सड़क
किसी रेलवे ट्रैक पर लहुलुहान पड़ा है
सुखियों की भीड़ से धकेल दिया गया मैं
दर-दर भटकते
अंतिम साँसें गिनते
हर आदमी के साथ थोड़ा-थोड़ा मर रहा हूँ।








