प्रेम में रेत होना

आनंद गुप्ताआनंद गुप्ता19 Jul 1976

1 min read · 12.4K reads

रेत की देह पर

नदी की असंख्य प्रेम कहानियाँ हैं

नदी पत्थर को छूती है

पत्थर काँपता है

एक पैर पीछे रखता है

और बिना कुछ सोचे

नदी को चूमता है

नदी उसका आलिंगन करती है

पत्थर उतरता है धीरे-धीरे

नदी के दिल में

गहरे और गहरे

नदी के साथ प्रेम क्रीड़ा करता हुआ

पत्थर बहता है नदी के साथ

पत्थर मदहोश हो

टकराता है पत्थरों से

टूटता है पिघलता है

और रेत बन जाता है

प्रेम में

हर पत्थर, हर चट्टान को

अंततः रेत होना होता है

जिस पर बच्चे खेलते हैं

जिस पर पर एक प्रेमी लिखता है

अपनी प्रेमिका का नाम

जिससे घर बनते हैं।

आनंद गुप्ता
About the poet

आनंद गुप्ता

नई पीढ़ी के कवि। मूल नाम : आनंद गुप्ता जन्म : 19/07/1976 | कोलकाता, पश्चिम बंगाल

View profile & all 19 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like