उसने तुम्हें लूटा
तुम उत्सव मनाते रहे
उसने तुम्हें ठगा
तुम प्रशस्ति-गीत गाते रहे
उसने चिल्ला-चिल्ला कर झूठ बोले
तुम तालियाँ बजाते रहे
उसने हत्याओं को बड़ी चालाकी से
आत्महत्याओं में तब्दील कर दिया
तुम सिर्फ़ शोक में आँसू बहाते रहे
तुम जो घटनाओं पर
चुप्पी साध लेते हो
निकल लेते हो बग़ल से चुपचाप
बंद कर लेते हो
अपने खिड़कियाँ और दरवाज़े
भीतर का अँधेरा कम तो नहीं होता
बढ़ता है
वे तुम्हारी चुप्पी को
अपनी योग्यता का प्रमाण-पत्र मान बैठेंगे
और इसे अपने पक्ष में
विज्ञापन की तरह इस्तेमाल करेंगे
वे तुम्हारे चेहरे को
अपना मुखौटा बनाकर बच निकलेंगे
और तुम्हारे ही ख़िलाफ़ गवाही देंगे
वे अमरबेल की तरह फैल जाएँगे
तुम्हारे विचार पर
तुम्हारे सवाल पर
यहाँ तक की तुम्हारे इतिहास पर भी
और तुम्हें नपुंसक सिद्ध करने की कोशिश करेंगे
वे धर्मग्रंथों की आयतों को
चुपके से बदल डालेंगे
हर तर्क पर तुम्हें
ईश्वर के सामने ला पटकेंगे
वे ईश्वर को तुम्हारे ख़िलाफ़ इस्तेमाल करेंगे
और तुम्हें अपने पक्ष में कर लेंगे
याद रखना
वे तुम्हारी चुप्पी को
ख़ंजर से बदल लेंगे
और एक दिन बहुत चुपके से
तुम्हारे ही सीने में उतार देंगे।








