जब कभी हुस्न की पाकीज़ा कहानी लिखना
श्याम के इश्क़ में मीरा को दिवानी लिखना
तुम किसी फूल को मुरझाते हुए देखना जब
उस घड़ी बैठ के अंजाम-ए-जवानी लिखना
ज़िंदगी जिस के तसव्वुर से सँवर जाती है
मेरे हिस्से में वही शाम सुहानी लिखना
अपने मक़्सद के लिए अहल-ए-सियासत ने यहाँ
किस तरह खोई बुज़ुर्गों की निशानी लिखना
इस बहाने से उतर जाएगा ये दिल का बोझ
अपना हर क़िस्सा-ए-ग़म अपनी ज़बानी लिखना
ज़िक्र जब भी छिड़े तहज़ीब का दुनिया में 'अना'
इस क़लम से कोई तारीख़ पुरानी लिखना








