प्रेम के विषय में
मैंने बहुत सोचा है। अर्थात्
तुम्हारे बारे में विचार करते हुए
मैं इतनी दूर चला आया हूँ कि अब कह सकता हूँ :
कोई रास्ता नहीं, प्रिये!—किंतु कैसे कहूँ?
यथार्थ और कल्पना की एकता में
मैं एक ऐसा चित्र देखता हूँ, जिसे किसी ने बनाया नहीं।
[इसका अर्थ यह नहीं कि वह बना नहीं।—]
मैं देखता हूँ कि तुम्हें पा जाने में
पीठ हटाते ही कक्ष का कोना उतर गया है :
[जैसे मुँह उतरता है।]
जबकि,
मैंने तुम्हें खो देने के बाद खोजना शुरू किया है।








