माँ का घर पर न होना
घर को
एक चुपचाप अनुपस्थिति से भर देता है
ख़ाली बर्तन अब
और भी ज़्यादा ख़ाली लगने लगते हैं
दरवाज़े और खिड़कियाँ
बंद होने के बाद
और भी ज़्यादा बंद
घर की तमाम चीज़ें
जो माँ के मौजूद रहने पर
ख़ुद भी काम में जुटी दिखाई देती थीं
लगने लगती हैं चुप
और कुछ अनमनी-सी
उसके हाथों के स्पर्श
हमेशा छूटे हुए मिलते हैं
कपड़ों और चादरों की तहों में
आटे और शक्कर के डिब्बों में
माँ का घर पर न होना
ख़ुद घर का घर पर न होना है








