इक ज़रा सी चाह में - आलोक यादव

आलोक यादवआलोक यादव30 Sept 1967

4 min read · 12.4K reads

इक ज़रा सी चाह में जिस रोज बिक जाता हूँ मैं
आईने के सामने उस दिन नहीं आता हूँ मैं

रंजो-गम उससे छुपाता हूँ मैं अपने लाख पर
पढ़ ही लेता है वो चेहरा, फिर भी झुठलाता हूँ मैं

कर्ज क्या लाया मैं खुशियाँ जिंदगी से एक दिन
रोज करती है तकाजा और झुँझलाता हूँ मैं

हौसला तो देखिए मेरा, गजल की खोज में
अपने ही सीने में खंजर सा उतर जाता हूँ मैं

दे सजा-ए-मौत या फिर बख्श दे तू जिंदगी
कशमकश से यार तेरी सख्त घबराता हूँ मैं

मौन वो पढ़ता नहीं और शब्द भी सुनता नहीं
जो भी कहना चाहता हूँ कह नहीं पाता हूँ मैं

ख्वाब सच करने चला था गाँव से मैं शहर को
नींद भी खोकर यहाँ आलोक पछताता हूँ मैं
आलोक यादव
About the poet

आलोक यादव

View profile & all 32 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like