फिर आने का वादा करके पतझर में - आलोक यादव

आलोक यादवआलोक यादव30 Sept 1967

4 min read · 12.4K reads

फिर आने का वादा करके पतझर में
हाथ छुड़ाकर चला गया वो पल भर में
 
सपने जिसके तुम मुझको दिखलाते थे
आँखें अब तक ठहरी हैं उस मंज़र में

मन में मेरे अब तक आशा है बाक़ी
थोड़ी जान बची है अब तक पिंजर में

इतने आँसू कहाँ कि तन की प्यास बुझाऊँ
फूल खिलाऊँ कैसे मन के बंजर में

छुअन मख़मली, स्वप्न सलोने, बातें सब
अब तक लिपटे वहीँ पड़े हैं चादर में

दूर निगाहों की सीमा से हो फिर भी
आँखें तुमको ढूँढती रहती हैं घर में

नयन लगे हैं अब तक मेरे राहों पर
आ जाओ, आ भी जाओ, अपने घर में

आदि काल से सभी मनीषी सोच में हैं
कितने भेद छुपे हैं ढाई आखर में

मन में कुछ -कुछ चुभता रहता है आलोक
थोड़ी सिलवट छूट गई है अस्तर में
आलोक यादव
About the poet

आलोक यादव

View profile & all 32 Poems / Stories