बहुत गीली है इस बार
शीतकंप के लिए तैयार होता मंज़र सुस्त है
थकान में डूबा है भोर में उतराता हुआ चाँद
देशगीत के स्वरों में
हाँफता हुआ विराम है
मित्र सब उतने ही प्रस्तुत हैं
जितनी मेरी प्रस्तुतियाँ
शरद की रात
श्वेतमुक्ता की झिलमिल में खेल रही है
मेरी उँगलियाँ
तुम्हें बुलाती हैं एक बिंदु की ओर
जीवन-संधि के लिए
शशिकला के संपूर्ण होते ही मन ख़ाली हो जाता है
आओ मिलकर बना लें
कुछ अनगढ़ ज्यामितियाँ
आओ दो उँगलियों पर सजा लें
दूज का स्मितरेखीय चाँद
भोर के तारे से झड़ती हुई ओस में नहाते रहें
आओ साथ-साथ।








