मैंने मर जाते हुए देखा है
बहुत से पेड़ों को
वे चीख़ते हुए गिर पड़ते थे
और धूल का ग़ुबार उठता था
एक सूनापन हमेशा के लिए थिर जाता था
कई बार उन्हें बहुत देर तक मारा गया
उनसे झरता रहा था बुरादा, पानी, गदु
कई बार वे वृद्ध होकर, गिरकर ख़ुद ही मर गए
और कई बार किसी ऊँचे ढूहे पर वे खड़े-खड़े ही मर गए
उनका शरीर पूरा काला पड़ गया था
उस समय वे अपने अकेलेपन से चीख़ा करते थे—रोज़ ब रोज़
उनकी देह को भीतर ही भीतर मकरोरे खा चुके थे
कुछ पेड़, गिरे और टिके रहे, देते रहे फल, आश्रय और मनो-विनोद
लेकिन फिर उनको भी मारा गया
पेड़ मर रहे थे चिड़ियाँ चिंचिया रही थीं
अंडे फूट रहे थे, संसार उजड़ रहा था
संसार उजड़ गया, पेड़ मर गए
पेड़ मर रहे थे, मैं छटपटा रहा था
लेकिन यह छटपटाहट उतनी नहीं थी कि वे देख सकें
उतना आवेग नहीं था कि उनकी हत्या रुके
मैं भी गवाह बना बड़ी-बड़ी कायाओं के सामूहिक हत्याकांड का
वे पेड़ मेरी स्मृतियों में हैं
उनके भूतो को दबा दिया गया है और
वहाँ मनुष्य की सफलता के झंडे फहरा रहे हैं
पेडों के विलाप में, अपने वंश के नाश की चिंता थी
मनुष्यों के आत्मघात पर क्षोभ था
खीझ थी वृक्ष-प्रेम के विज्ञापनों पर
जोकि किसी मृत पेड़ की देह से बने काग़ज़ पर छपा था
बचपन से लेकर जवान होने तक की मेरी समूची कहानी में
बहुत से पेड़ों की निर्मम मौतों की कहानी भी है।








