शब्द और अर्थ

अजीत रायज़ादाअजीत रायज़ादा17 Aug 1947

1 min read · 12.4K reads

हम अक्सर शब्दों के अर्थ जानते हुए भी

ढूँढ़ते हैं उनमें निहितार्थ

क्योंकि हम आश्वस्त नहीं होते

कि उनको बोलने वाले का मंतव्य वही है

जो शब्दकोश में है

आदमी जब चाहे शब्दों का अर्थ

बदल लेता है अपनी सुविधानुसार

यद्यपि वे अर्थ शब्दकोश में नहीं होते

शब्द गिरगिट नहीं हैं जो रंग बदल लें

यह तो आदमी है जो रँगरेज़ की तरह

पहले शब्दों को धोता और फिर अपने पूर्वाग्रह के अनुसार

रँगता या बदरंग करता है।

हे शब्द-शिल्पी

तुम शब्दों को गढ़ते रहना

उनके दुरुपयोग का भय न करना

सुविधा के ये रंग तो चढ़ते-उतरते रहते हैं

अंत में रह जाते हैं

केवल कालजयी शब्द!

अजीत रायज़ादा
About the poet

अजीत रायज़ादा

सुपरिचित कवि-लेखक और प्रशासनिक अधिकारी। एक से अधिक पुस्तकें प्रकाशित। 'हाशिए पर आदमी' उल्लेखनीय कविता-संग्रह। मूल नाम : अजीत रायज़ादा जन्म : 17/08/1947 | सीतापुर, उत्तर प्रदेश अजीत रायज़ादा का जन्म 17 सितंबर 1947 को उत्तर प्रदेश के सीतापुर में हुआ। उन्होंने स…

View profile & all 30 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like