बेलव्यू बंगले के लॉन पर
खुले मौसम में
आरामकुर्सी डाल कर
बैठा रहा हूँ
मैं अक्सर
देखता वादियों और पहाड़ियों के पार
हिमालय को
वह भी बैठा रहता है
मेरी तरह
धरती की आरामकुर्सी पर पसर कर
फ़र्क़ केवल इतना है
कि मैं कश्मीर-यात्रा के समय
ख़रीदी हुई
पशमीना की शॉल ओढ़े हूँ
और वह प्रकृति द्वारा लपेटी गई
बर्फ़ की चादर
हम दोनों
देखते हैं एक दूसरे को : मौन
कह नहीं पाते
कुछ कहना चाहते हुए
शायद
कहने को कुछ है भी नहीं
फिर भी
एक दूसरे को देखना
लगता है भला
मैं सोचता हूँ कि
हिमालय क्या सोचता होगा
क्या कुछ भी नहीं
कब तोड़ेगा वह
अपनी रहस्यमय चुप्पी
अगर वह बोलेगा तो क्या बोलेगा
कैसी होती उनकी आवाज़
जब बोलेगा तो क्या
बोलता ही चला जाएगा
अथवा बीच में रुक कर
कुछ सोचने लगेगा
क्या वह सुना पाएगा सचमुच
हज़ारों-लाखों साल की
आँखों देखी ख़बरें
क्या उसकी बूढ़ी आँखों के सामने
धुँधला नहीं पड़ा होगा
इतिहास का सतत प्रवाह?
सोचते-सोचते
ठंडी पड़ जाती है
पास मेज़ पर रखी गरम चाय
और हवा में उड़ने लगते हैं
इधर-उधर
अख़बार के पन्ने।








