समूचा इतिहास
युद्धों का इतिहास हैं
और आगत युद्धों के
भय से कंपित भविष्य
एक विखंडित वर्तमान है हमारे पास
जिसका एक हिस्सा
गत युद्धों से उबरने में संलग्न है
और दूसरा, आगत युद्धों की तैयारियों में लीन
जब विश्व-पटल पर हो रहे
गोलमेज़ सम्मेलनों में दिए गए गुलदस्ते भी
आख़िरकार गोला-बारूद सिद्ध हो रहे हों
शांति के संधि-पत्रों पर किए गए हस्ताक्षर भी
जब गुप्त हथियारों में तब्दील हो रहे हों
वैमनस्यवश नहीं
तो विवशतावश ही
उठा लो, कोई अस्त्र या शस्त्र
अब हम मिले तो किसी युद्ध में मिलेंगे...








