समंदर तट पर रहने वाली लड़की!
समंदर कितना अकेला होता है अपने भीतर
उतना ही अकेला
जितना वसंत उदास होता है
वसंत के मौसम में
समंदर तट पर बैठी हो तुम
तट की रेत राख हो चुकी है
घुटनों तक राख में डूबे
हवस के दैत्याकार हाथी
तुम्हारी तरफ़ बढ़ते हैं
महावत की उम्र कितनी छोटी होती है हाथी से
अनंत में डूबा तुम्हरा महावत
राख के भीतर से हँसता है
इस शोकपूर्ण हँसी के साथ
तुम अपनी प्रतीक्षा का फंदा
क्षितिज के गले में फँसा दो
समंदर तट पर रहने वाली लड़की!
समंदर के अकेलेपन में
तुमने अपना विछोह घोला
और समंदर ने तुझे
नमक की तरह ख़ूबसूरत बना दिया
सौंदर्य के इस शीर्ष पर
अब मैं सिर्फ़ ‘लड़की’ संबोधित करता हूँ तुझे
वही अनाम लड़की जिसकी कहानी
तमाम कहानियों की शुरुआत से पहले
समाप्त हो चुकी थी
दोस्तोयेवस्की जिसका ज़िक्र
अपने उपन्यासों के अंत तक नहीं कर पाया
एक अनाम लड़की के नाम ख़त लिखकर
कथाओं के पात्र आत्महत्या करते हैं
एक दुखांत अंत के बाद शुरू होती है तुम्हारी ज़िंदगी
कितना मुश्किल है
सिर्फ़ एक ‘लड़की’ होना
नमक की तरह ख़ूबसूरत होना








