चित्रकार स्याह करता जा रहा हैं—
अपने रंगों को
लगता हैं दुनिया तेज़ रौशनी से भर चुकी है
विदा की यात्रा अब शुरू होती है...
विदा!
जैसे बच्चे सेंध लगाते हैं—
संतरों के बग़ीचे में
मैंने सेंध लगाई वर्जित शब्दों के लिए
सभ्यता के पवित्र मंदिर में
संतरे के पेड़ों की जड़ें
पृथ्वी के गर्भ तक जाती थीं
और पृथ्वी की जड़ें जाती हैं
सूरज के गर्भ तक
और अगर सूरज दीखता रहा संतरे-सा
तो मैं निश्चिंत हूँ
बच्चे उसे सेंध लगाकर बचा लेंगे
चींटियों के हवाले करता हूँ:
पृथ्वी को, मेरे बच्चों को, समूचे जीवन को
चींटियाँ काफ़ी वज़न उठा लेती हैं
अपने वज़न से भी ज़्यादा
तो मैं निश्चिंत हूँ
प्रलय से ठीक पहले
चींटियाँ सुरक्षित खींच ले जाएँगी पृथ्वी को
बेहद कमज़ोर पर भरोसा करके
कहता हूँ—
विदा!








