शरीफ़ लोग

अब्दुल बिस्मिल्लाहअब्दुल बिस्मिल्लाह5 Jul 1949

1 min read · 12.4K reads

पत्थर के कोयले से

जो धुआँ उठता है

उसमें एक शहर महकता है

सुना है उस शहर में

शरीफ़ लोग रहते हैं

लेकिन

शराफ़त का

धुएँ से क्या नाता है

यह समझ में नहीं आता

जैसे यह

कि हर बार जंगल का राजा

शेर ही क्यों हो जाता है

या यह

कि बच्चों की फ़सल

मुरझाने क्यों लगी है

कि बिना किसी बीमारी के

मेरा जिस्म

तलवार क्यों हो रहा है

क्या यह बात

शरीफ़ों के कर्त्तव्य से बाहर है

कि वे धुएँ को ख़त्म करें

अथवा

पत्थर को जलने से रोकें

मैं समझता हूँ

इतना ही नहीं

जंगल का राज्य

बच्चों की फ़सल

मेरा जिस्म

सबके प्रति उनकी ज़िम्मेदारी है

अगर शहर में

सचमुच शरीफ़ लोग रहते हैं।

अब्दुल बिस्मिल्लाह
About the poet

अब्दुल बिस्मिल्लाह

समादृत कथाकार। समय-समय पर काव्य-लेखन भी। मूल नाम : अब्दुल बिस्मिल्लाह जन्म : 05/07/1949 | इलाहाबाद, उत्तर प्रदेश

View profile & all 7 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like