एक जिन के राज्य में

अब्दुल बिस्मिल्लाहअब्दुल बिस्मिल्लाह5 Jul 1949

1 min read · 12.4K reads

ब्रह्मांड का यह हिस्सा

किसी वृक्ष के उस कोटर जैसा है

जहाँ कोई लावारिस तोता

बहेलिए से बचने के लिए

छिपा रहता है

हालाँकि इस हिस्से को मैंने

सुरक्षा के लिए नहीं चुना था

वह मेरी मूर्खता थी

जिसे मैं महानता समझता था

कि मैंने ऐसे हिस्से में अपनी दुनिया बसाई है

जहाँ केवल लावारिस तोता ही रह सकता है

और मैं भूल गया था

कि कोटर में साँप के अलावा

जिन भी रहा करते हैं

यहाँ वाक़ई एक जिन का राज्य है

जो रात के सन्नाटे में

पूरे कोटर का चक्कर लगाता है

और नंगा होकर

अपने लंबे दाँतों से

अपना पेट खुजलाता है

मैं इस जिन से मुक्त होना चाहता हूँ

इसे मैं कोटर से निकालना चाहता हूँ

लेकिन राजा तो जिन है

मैं नहीं

इसलिए मुझे ही कोटर से बाहर होना होगा

और ब्रह्मांड में कोई दुनिया तलाशनी होगी

पर बाहर खड़े बहेलिए

मुझे कहीं तोता न समझ लें

इसलिए मैं वसंत की प्रतीक्षा में हूँ

जब वृक्षों के पत्तों के साथ

तोतों के पर भी झड़ेंगे

और रंगों के विभ्रम में

अपने को मैं आज़ाद करूँगा।

अब्दुल बिस्मिल्लाह
About the poet

अब्दुल बिस्मिल्लाह

समादृत कथाकार। समय-समय पर काव्य-लेखन भी। मूल नाम : अब्दुल बिस्मिल्लाह जन्म : 05/07/1949 | इलाहाबाद, उत्तर प्रदेश

View profile & all 7 Poems / Stories