मौत के फ़रिश्ते

अब्दुल बिस्मिल्लाहअब्दुल बिस्मिल्लाह5 Jul 1949

1 min read · 12.4K reads

अपने एक हाथ में अंगारा

और दूसरे हाथ में ज़हर का गिलास लेकर

जिस रोज़ मैंने

अपनी ज़िंदगी के साथ

पहली बार मज़ाक़ किया था

उस रोज़ मैं

दुनिया का सबसे छोटा बच्चा था

जिसे न दोज़ख़ का पता होता

न ख़ुदकुशी का

और भविष्य जिसके लिए

माँ के दूध से अधिक नहीं होता

उसी बच्चे ने मुझे छला

और मज़ाक़ के बदले में

ज़िंदगी ने ऐसा तमाचा लगाया

कि गिलास ने मेरे होंठों को कुचल डाला

और अंगारा

उस ख़ूबसूरत पोशाक के भीतर कहीं खो गया

जिसे रो-रो कर मैंने

ज़माने से हासिल किया था

इस तरह एक पूरा का पूरा हादसा

निहायत सादगी के साथ वजूद में आया

और दुनिया

किसी भयानक खोह की शक्ल में बदलती चली गई

मेरा विषैला जिस्म

शोलों से घिरता चला गया

ज़िंदगी

बिगड़े हुए ज़ख़्म की तरह सड़ने लगी

और काँच को तरह चटखता हुआ मैं

एक कोने में उगी हुई दूब को देखता रहा

जो उस खोह में हरी थी

वह मेरे चड़चड़ाते हुए मांसपिंड में

ताक़त पैदा करती रही

और आग हो गई मेरी इकाई में

यह आस्था

कि मौत के फ़रिश्ते

सिर्फ़ हारे हुए लोगों से ख़ुश होते हैं

उनसे नहीं

जो गंदगी को

असह्म बदबू के बावजूद

प्यार करते हैं।

अब्दुल बिस्मिल्लाह
About the poet

अब्दुल बिस्मिल्लाह

समादृत कथाकार। समय-समय पर काव्य-लेखन भी। मूल नाम : अब्दुल बिस्मिल्लाह जन्म : 05/07/1949 | इलाहाबाद, उत्तर प्रदेश

View profile & all 7 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like