वह
एक मुद्दत से
तिरंगे में लिपटा
इसी तरह पड़ा है
बेहोश
चिकित्सों की राय में
वह होश में आ जाता है
पर अलग-अलग चिकित्सक
अलग-अलग तरीक़े से
उसे होश में लाना चाहते हैं
और अलग-अलग औज़ारों से
उसे चीर-फाड़ रहे हैं
वह अत्यंत निर्वेद भाव से लेटा है
चिकित्सक
मुँह पर पट्टियाँ चिपकाए
संकेत में बात करते हैं
पारस्परिक स्थानांतरण करते हैं
और वह
तिरंगे में लिपटा
इसी तरह लेटा रहता है।








