सुख है तुमको देखना
और, दुख है नज़र का एक कोण बन जाना...
दुःख अगर टोकरी भर जाड़ा है
तो सुख हमारे साथ से उपजी
बोरसी भर आग!
समंदर के झाग-सा है दुःख
जबकि सुख है उसी की लहरों का
हर बार लौट आना
दुःख है, नहीं पाना
चित्त का उखड़ जाना
सुख है कच्ची हल्दी-सा उखड़कर भी
हर बार उग आना, लेप बन जाना
दुःख है दूध की तरह उफन जाना
और सुख है, तब भी तुम्हारा हर बार मुस्कुराना
बैगाटेला की गोली हूँ मैं
और कीलों वाली आख़िरी सुराख़ तुम
दुःख है बारहा टकराना
जबकि सुख है बावजूद इसके
हर बार तुम तक पहुँच पाना।








