पहाड़ बनते देखा है
या नदी बनते देखी है
जंगल उगते देखा है
या सितारे को नक्षत्र में जुड़ते देखा है
दुखों के पहाड़ भी
अनदेखे खड़े हो जाते हैं
भावना की नदी भी
बिन बताए अनचाहे बहती जाती है
तने का फैलाव
और लदे फल का झुकाव
तो सब देखते हैं
पर मिट्टी के दबाव में
बीज का अंकुरण
और जड़ का संतुलन
कोई नहीं देखता
पहाड़ को उजड़ते
नदी को सूखते-भटकते
उल्का पिंडों को गिरते
और भस्म होते सबने देखा है
सच तो है कि
सारी जीवंत उत्पत्ति
दबाव में आकर उभरती है
चाहे कोख में शिशु हो
या ज़मीन के नीचे पड़े बीज का अंकुरण
सृजन दबाव का विस्तार है
पर दबाव को कोई
महसूस करना नहीं चाहता।








