खिड़की वहीं है
अपनी जगह पर यथावत
दरवाज़े अब भी
चौखट से ही लगे हैं
बस, चटखनी टूट गई है
दीवार गुमशुदा है
और मकान तड़प रहा
छत की अपनी बिसात
ज़मीन पर बिछ गई है
स्याह धुँओं के ढूह में
ख़ुद को कालिख पोते
नीम-सी नींद लिए
गाँव सो चुका है
कुछ लोग जिन्हें
चलना था भीड़ के आगे
दुबक गए हैं
कहीं और सुरक्षित खोह में
माहौल पूरी तरह तप चुका है
पूरा कुनबा बीमार होता जा रहा है
तापमान तेज़ी से चढ़ रहा है
जनाब! ये चुनाव का बुख़ार है








