चटकाती स्मृतियाँ

यतीश कुमारयतीश कुमार21 Aug 1976

1 min read · 12.4K reads

स्व और पर के बीच दौड़ती-दौड़ती

धरती से ज़्यादा सहनशील माँ

पसीने से सने आँचल से

आँखों की कोर पोंछती है

सैकड़ों तंग ग्रंथियों के संग

सूख चुके अश्रुग्रंथ लिए

ग़ुस्से में तिलमिलाए पिता

अपने गमछे को थोड़ा और कसते हैं

माँ को पता है

नहर होने से ज़्यादा ज़रूरी है

नहर में पानी का होना

और पिता जानते हैं

पहाड़ का सीना नहीं सिकुड़ता

हम बस हवा हैं

कभी माँ के पास,

कभी बाबा के पास

हमें उड़ना तो आता है

पर उनके दिल से गुम होना नहीं

यह भी सच ही है

कि अखंड बहती नदी को भी

झरना बनते ही टूटना होता है

आज दूर, बहुत दूर

गगनचुंबी इमारतों की बंद ठंडी हवा में

महसूसता हूँ दोनों का कराहना

आज स्मृतियाँ नसों को बहुत चटका रही हैं।

यतीश कुमार
About the poet

यतीश कुमार

सुपरिचित कवि-लेखक। कविताओं की दो पुस्तकें 'अन्तस की खुरचन' और 'आविर्भाव' शीर्षक से प्रकाशित । मूल नाम : यतीश कुमार जन्म : 21/08/1976 | मुंगेर, बिहार 21 अगस्त 1976 को मुंगेर (बिहार) में जन्मे यतीश कुमार ने कविता और कहानी के साथ-साथ चर्चित उपन्यासों, कहानियों व…

View profile & all 36 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like