एक रंग-सुरंग सी-चादर थी। उसे पाँच कुँओं पर धोते-सुखाते थे। एक रीती रह आई गागर भी थी, जो पाँचों कुँओं से भी पूरी भरी न जाती थी। एक धूप का घाट भी था। जब-तब उस रंग-सुरंगी चादर को बिछाते थे, तब-तब न जाने कहाँ से पूरी झमक से बरसता था बादर।
देहरी के बाहर हर बार हम एक नई चुनरी रँगते थे। एक ऐसी चुनरी रँगते थे, जिस पर आख़िरकार प्रेम का रंग चढ़ सके। हर बार कोई रंग तो न चढ़ता था, पर न जाने कहाँ से विषय दाग़ ज़रूर पड़ जाता था, जो पाँचों कुँओं पर धोने से भी नहीं छूटता था। धूप की बिछावन में पड़ी हुई चुनरी भी न तो विषय की स्याह छाप उड़ा पाती थी न ही वह बरसने की ऋतु में प्रेम का मजीठा रंग घोल पाती थी। यह सब होता था, क्योंकि एक रंग-सुरंग-सी चादर थी।
आज भी डर लगता है यह जानकर। हमारे पास अभी भी एक रंग-सुरंग-सी चादर है।








