इधर कई दिनों से मुझे लगता है जो पानी मैं पीता हूँ उससे प्यास नहीं बुझती। जिस घड़े से भरकर मैं नहाता हूँ वह रीता ही रहता है। जिस व्यक्ति से मिलने जाता हूँ वह अनुपस्थित है हमारे वर्तमान समय से। जिसकी याद में मन प्रसन्न होता था अक्सर, वह भी कहीं स्मृतिहीन है मन के आंतरिक पृष्ठ पर। जिन लोगों से बतियाता हूँ उनके बारे में पता लगा है कि वे कई बरसों से बोलना छोड़ चुके हैं। जिन घरों में बीतती थीं अक्सर उदास शामें, वहाँ एक बड़ा मैदान है, जिसके चारों तरफ दिगंबर के किवाड़ों का बेहद फैला हुआ है। जिनसे रिश्तों की डोर में पड़ा उन्हें सूफ़ियों और कलंदरों की टोली में जा मिले ज़माना बीत गया। जिनसे कई बार बेवजह ही कहा-सुनी और झगड़ा हुआ वे उतनी ही बार इतने उत्साह और उमंग से भरकर मिले जैसे बिछड़े हुए दो मीत मिले हों।
इतना सब कुछ होने के बाद मुझे लगा जैसे अभी तक कुछ भी नहीं हुआ मेरे इस व्यर्थ जीवन में। कई बार मुझे यह भी लगा कि वह आदमी नहीं हूँ मैं जो कभी था।








