एक दिन ये नदी बोली
जा रहे हो भले जाओ
ये किनारे, ये लहर सब
याद आएँगे
पा अकेला दिल दुखाएँगे
एक दिन ये नदी बोली
धार की, मझधार की बातें
नहीं ढलतीं, ढल रही रातें
धूप तो फिर धूप है लेकिन
बींधतीं मन-प्राण बरसातें
एक दिन ये नदी बोली
जा रहे हो भले जाओ
ये अँधेरे, ये उजाले
रोज़ बनकर धुँध छाएँगे
चुप सवेरे छटपटाएँगे
एक दिन ये नदी बोली
देह पेड़ों की मिलेगी रेत में
कुछ न होगा बाग़ में या खेत में
दाम होगा, अमरता का आसमाँ,
ज़िंदगी घुट-घुट जिएगी सेंत में
एक दिन ये नदी बोली
जा रहे हो भले जाओ
चैत औ' बैसाख आएँगे
चमचमाकर चिल-चिलाएँगे
एक दिन ये नदी बोली
डबडबाए फूल जागेंगे
'सरगुजा,' 'बैतूल' जागेंगे
नींद की गोली निगलकर नींद में
नाव के मस्तूल जागेंगे
एक दिन ये नदी बोली
जा रहे हो भले जाओ
किस तरह हम गीत गाएँगे
ख़ुश्क आँखों में पिराएँगे
एक दिन ये नदी बोली








