बहुत दिन हुए, अपने से ही
कुछ बतियाएँ—बोलें
चलो याद की चाभी से
तिथियों के ताले खोलें
रातों को सूरज देखें
औ' दिन में चंदा देखें
बँधी नाव को हिलता-डुलता
नदी किनारे देखें
जागी आँखों सपने देखें,
जागी आँखों सो लें
अलग-अलग-सी होली थी वो
और अलग दीवाली
एक डायरी बुला रही है,
शायद 'नब्बे' वाली
मिलकर हँसे साथ में,
बीती-सी बातों पर रो लें
कुछ ऐसी तरकीब करें
मौसम हो जाए सुहाना
नई-नई-सी धुन पर गाएँ,
कोई गीत पुराना
हवा संग भीगे, ख़ुशबू में,
धीरे-धीरे डोलें।








