ख़ुशबू का मिल गया पता
बोल उठी माधवीलता
मन ने कुछ मौन हो कहा
आँखों से नीर फिर बहा
सब कुछ अब ज़िंदगी बता
यादों की रहगुज़र खुली
धीरे से रोशनी धुली
मुझको अब और न सता
टूटा फिर जुड़ा सिलसिला
सुख का इक छोर फिर मिला
दुख को तू बोल दे धता
मौसम हो गया ख़ुशनुमा
हवा गई डालियाँ झुमा
थोड़ा-सा प्यार तो जता
नज़रों से नज़र घिर गई
बीती तारीख़ तिर गई
कुछ कर दे अनकहा अता
डूबी-सी राह दिख गई
पगडंडी गीत लिख गई
माफ़ी पा गई हर खता








