मेरे लिए तुम

Vimal KumarVimal Kumar9 Dec 1960

1 min read · 12.6K reads


तुम जब समुद्र से मिलना
तो मेरे लिए एक लहर ले आना

मिलना तुम जब कभी आसमान से
तो एक टुकडा बादल ही मेरे लिए ले ज़रूर ले आना

किसी शाम को फूलों से मिलकर
अपने बालों में उनकी ख़ुशबू मेरे लिए रख लेना

घुटता जा रहा है अब दम इस तरह शहर में
एक ताज़ी हवा का झोंका मेरे लिए ले आना

सोना जब तुम गहरी नींद में
तो एक सपना भी देख लेना चीज़ों को बदलने का

देखना जब चाँद को रात में चमकते हुए
उसका एक अक़्स आँखों में क़ैद कर लेना

सोचता हूँ तुम आख़िर क्या-क्या ले आओगी
सब्ज़ी और राशन के साथ उस फटे हुए झोले में .....

ज़िन्दगी भर मैं उलझा रहा इस कदर
एक चराग भी ख़रीद कर नहीं ला सका
तुम्हारे लिए इस अँधेरे में उजाले के लिए

 

Vimal Kumar
About the poet

Vimal Kumar

विमल कुमार [Vimal Kumar] हिन्दी के प्रसिद्ध कवि है. इनका जन्म 9 दिसम्बर 1960 को बिहार की रजधानी पटना में हुआ. अब तक तीन कविता संग्रह सपने में एक औरत से बातचीत, यह मुखौटा किसका है, और पानी का दुखड़ा, एक कहानी सग्रह कार्लगर्ल और एक उपन्यास प्रकाशित. भारत भूषण अ…

View profile & all 13 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like