तुम अपना धीरज मत खोना - उर्मिलेश

उर्मिलेशउर्मिलेश6 Sept 1951 – 16 Sept 2005

3 min read · 12.4K reads

तुम अपना धीरज मत खोना
यदि मैं शहीद हो जाऊँ तो
तुम भूले से भी मत रोना।

हैं वही पत्नियाँ वीरों की
जो डर कर कभी नहीं जीतीं
पति के विछोह से आहत हो
घुट घुट कर अश्रु नहीं पीतीं

सबकी किस्मत में कहाँ लिखा
सेनानी की विधवा होना।

तुम जब सुहाग जोड़ा पहने
मेरी यादों में आती हो
सिन्दूर और बिंदी से सज
जब मंद मंद। मुस्काती हो

मैं और वेग से लड़ता हूँ
कर देतीं तुम जादू टोना।

तुम करवा चौथ मना लेना
मेरा फ़ोटो सम्मुख रखकर
चन्दा से यही मांगना तुम
मेरा पति जीते शीघ्र समर

मैं जाग रहा हूँ सीमा पर
तुम वहाँ नींद सुख की सोना।
उर्मिलेश
About the poet

उर्मिलेश

View profile & all 49 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like