मैं यह कविता
एक अँधेरे पिंजरे में बैठकर लिख रहा हूँ
दरअस्ल, यह पिंजरा बाघ के भीतर रखा हुआ है
आप मेरी कविता में अभिधा, लक्षणा और व्यंजना नहीं ढूँढ़ें
ध्वनि, रस-निरूपण, आलंबन-उद्दीपन, भाव-अनुभाव
और संचारी-व्यभिचारी की अपेक्षा नहीं रखें
क्योंकि मैं बाघ के भीतर रखे
इस ऐतिहासिक पिंजरे में बैठकर यह कविता लिख रहा हूँ
यह पिंजरा काेई साधारण पिंजरा नहीं है
इस पिंजरे में सिकंदर के बाघ रखे गए थे
इस पिंजरे में चंगेज़ ख़ाँ लाया था चीन से दुर्दांत शेर
इस पिंजरे में ह्वेनसांग ने सुरक्षित रखी थीं पांडुलिपियाँ
इस पिंजरे में रखी गई थीं कई सम्मोहक विषकन्याएँ
इस पिंजरे में अजातशत्रु ने रखे थे नरभक्षी शेर
इस पिंजरे में चंद्रगुप्त माैर्य ने रखा था अपनी प्रेयसियों के प्रेमियों को
इस पिंजरे में कृष्णदेव आर्य से अकबर तक कई शहंशाह लड़े थे बाघिनों से
इस पिंजरे को लूटा था प्रताप ने मानसिंह से हल्दीघाटी के जंगलों में
इस पिंजरे में, जिसमें लोकतंत्र के शावक हाथाें में बघनखे पहनकर
करुणा की गायों का भक्षण करते हैं
और पिंजरा मर्मांतक पीड़ा से रंभाता है,
शासक वर्ग के शुक कहते हैं, यह अद्भुत गाता है
उसी में बैठकर मैं यह कविता लिख रहा हूँ
आप छंद और अलंकार भी छोड़ दें
आप बस भ्रांतिमान को सही-सही समझ लें
बाघ का भय इतना है
कि डरा हुआ पिंजरा भी बाघ के भीतर छुपा हुआ है
और मैं उस पिंजरे में बैठकर यह कविता लिख रहा हूँ!








