ख़्वाहिश जो दिल में थी उसे मरने नहीं दिया

सुग़रा सदफ़सुग़रा सदफ़

1 min read · 12.4K reads

ख़्वाहिश जो दिल में थी उसे मरने नहीं दिया

पलकों पे आँसुओं को बिखरने नहीं दिया

ले आई हूँ मैं आँख में इक शब समेट कर

पैग़ाम कोई मुझ को सहर ने नहीं दिया

सब धूप का लिबास पहन कर खड़े रहे

साया यहाँ किसी भी शजर ने नहीं दिया

वो मेरा कुछ नहीं था मगर इस के बावजूद

दिल में उसे किसी के उतरने नहीं दिया

हर-सू दिखाई देता था मुझ को जमाल-ए-यार

सो दिल में नक़्श-ए-ग़ैर उभरने नहीं दिया

देखो तुम्हारे हिज्र से हारी नहीं हूँ मैं

दिल को कभी वफ़ा से मुकरने नहीं दिया

दीवार-ओ-दर से अपने ही खटका लगा रहा

मुझ को सुकून मेरे ही घर ने नहीं दिया

कैसे कहूँ 'सदफ़' कि मिरे रहनुमाओं ने

मंज़िल पे पाँव तक मुझे धरने नहीं दिया

सुग़रा सदफ़
About the poet

सुग़रा सदफ़

जन्म : लाहौर, पंजाब

View profile & all 39 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like