दिन रहा याद तो शब याद नहीं
कुछ तो भूला है जो अब याद नहीं
तुम से नाराज़ हुए थे कैसे
अब तो इस का भी सबब याद नहीं
शोख़-ओ-चंचल सभी साथी अपने
खो गए राह में सब याद नहीं
साल-हा-साल तुझे याद किया
क्यों किया ऐसा ग़ज़ब याद नहीं
तेरे अतवार मुझे क्या मालूम
हम को जीने का भी ढब याद नहीं
ग़ैर को क्या भला चाहेगी 'सदफ़'
उस को तो अपना भी रब याद नहीं








