इन ता'नों में इन तशनीओं में पोशीदा कोई मफ़्हूम तो हो
किस बात का हम से शिकवा है वो बात हमें मालूम तो हो
मैं ख़ून-ए-जिगर से काग़ज़ पर कुछ नक़्श बनाती रहती हूँ
हाँ तुझ से कोई मंसूब तो हो हाँ तुझ से कोई मौसूम तो हो
वो लोग जो भोले-भाले थे दिल वाले मोहब्बत वाले थे
किस देस में ऐसे लोग हैं अब वो देस हमें मालूम तो हो
हैं शेर-ओ-सुख़न महफ़िल में बहुत वो शेर-ओ-सुख़न हम क्या जानें
जो शेर-ओ-सुख़न थी ज़ात तिरी वो शेर-ओ-सुख़न मंज़ूम तो हो
वो लोग जो पहले जीते थे क्या प्यारे और चहेते थे
वो रातें ज़िंदा लोगों की हम मुर्दों का मक़्सूम तो हो
लफ़्ज़ों में तिरी यादों की चमक मा'नी में तिरी फ़ुर्क़त की लहक
इस हीले और बहाने से कुछ मेरी ग़ज़ल की धूम तो है
इक जश्न है चाँद सितारों का इक जश्न है ग़म के मारों का
इस जश्न का तो है शोर बहुत उस जश्न की भी कुछ धूम तो हो
'अंजुम' की ग़ज़ल की तासीरें ख़ुशियों में कहाँ हाथ आती हैं
कुछ देर ज़रा ग़मगीं तो रह कुछ देर ज़रा मग़्मूम तो हो








