पैदल चलना

सिद्धेश्वर सिंहSiddheshwar Singh

2 min read · 12.4K reads

बहुत दिनों बाद
पैदल चलकर गया काम पर
बहुत दिनों बाद गति में दिखे अपने पैर
बहुत दिनों बाद दिखी अपनी सचल परछाईं
बहुत दिनों बाद दिखे कुछ नए दृश्य
रोज़ाना के जाने-पहचाने रास्ते पर।

पैदल चलते हुए दिखा
कि अब भी पैदल चलते हैं ढेर सारे लोग
दिखा कि बंद हो चुके सिनेमाघर की दीवार पर
अब भी चिपका है
किसी फ़िल्म का बदरंग हो चुका पोस्टर स्मृति की तरह
साइकिलें अब भी सक्रिय हैं अपने मोर्चे पर
लेटर बॉक्स
अब भी प्रतीक्षा में हैं चिठ्ठियों के लिखे जाने की
फड़ पर अब भी सजती हैं दुकानें
और पैदल चलकर आते हैं ख़रीददार
लेबर चौराहे पर अब भी खड़ा होता है
पैदल चलकर आया हुआ जन-समूह।

दिख गया कि मैदा मिल के आगे
सिर उठा रहा है एक विशालकाय बाज़ार
शायद कोई मॉल
चौराहे पर बन गया है नया चबूतरा
जिसके लोकार्पण के पत्थर पर
लिखे गए हैं उन महानुभावों के नाम
जिनके बारे में छपता अख़बारों में आए दिन
पैदल न चलो तो दिखता ही नहीं
कि कितनी तेज़ होती जा रही है दुनिया की रफ़्तार!

पैदल चलते देख
रुक कर पलट कर देखते हैं परिचित गाड़ी सवार
आश्चर्य और अचंभे से
पूछते हैं कि कहीं कोई गड़बड़ तो नहीं
मानो कि आज की दुनिया में
पैदल चलना हो जैसे कोई असामान्य काम।

पैदल चलते हुए
सोचता रहा पैदल चलने के बारे में
याद किया कि कितने-कितने दिन बीत जाते हैं यूँ ही
बिना सोच के
पैदल चलते हुए लगा कि
वाहनों के अशेष रेवड़ से भरे इस संसार में
पैदल ही चलते हैं विचार
बशर्ते कि कभी पैदल चलना न भूल जाएँ हमारे पाँव।

सिद्धेश्वर सिंह
About the poet

सिद्धेश्वर सिंह Siddheshwar Singh

जन्म- ११ नवंबर १९६३ को ग्राम मिर्चा, जिला: गाजीपुर, उत्तर प्रदेश में जन्म। शिक्षा- एम.ए. हिंदी और हिंदी कथा साहित्य के आंदोलन विषय पर पी-एच.डी.। प्रकाशित कृतियाँ- विभिन्न पत्रिकाओं में कवितायें , कहानियाँ, समीक्षा , अनुवाद व आलेख प्रकाशित। विदेशी कविताओं के अ…

View profile & all 17 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like