आवाज़ कट रही है

सिद्धेश्वर सिंहSiddheshwar Singh

2 min read · 12.4K reads

उसने कहा—तुम्हारी आवाज़ कट रही है
कई अस्पष्ट वाक्यों के बीच
मैं साफ़-साफ़ सुनता हूँ कि मेरी आवाज़ कट रही है!

थोड़ा ज़ोर से बोलता हूँ
ताकि पर्याप्त ऊँचाई तक पहुँच जाए अनुतान
फिर पूछता हूँ—क्या अब ठीक है?
उधर से फिर वही जवाब—तुम्हारी आवाज़ कट रही है!

कटती हुई आवाज़ों के बीच
परिणति को प्राप्त होता है एक संवाद
और इस तरह भाषा के एक लचीले पुल पर
बाँट लिए जाते हैं अपने-अपने समाचार

सहेज कर रख दिए जाने के बावजूद
रह-रह कर
गुर्राता है फ़ोन—सुनो, तुम्हारी आवाज़ कट रही है!

और मैं इत्मीनान से
मुँह पर मँहगा मास्क चढ़ाकर
निकल जाता हूँ कॉलोनी की समतल सड़क पर
जहाँ से इन दिनों पेंटिंग की तरह दिखने लगे हैं पहाड़

कुछ देर बाद लौटूँगा
इधर से मिलाऊँगा किसी भी नंबर को फ़ोन
और अभ्यासवश बोल उठूँगा—तुम्हारी आवाज़ कट रही है!

और इस कोरोना काल में
इस प्रकार
घर के भीतर सुरक्षित बैठकर
बाहर की दुनिया से लड़ लिया जाएगा एक बड़ा संग्राम।

सिद्धेश्वर सिंह
About the poet

सिद्धेश्वर सिंह Siddheshwar Singh

जन्म- ११ नवंबर १९६३ को ग्राम मिर्चा, जिला: गाजीपुर, उत्तर प्रदेश में जन्म। शिक्षा- एम.ए. हिंदी और हिंदी कथा साहित्य के आंदोलन विषय पर पी-एच.डी.। प्रकाशित कृतियाँ- विभिन्न पत्रिकाओं में कवितायें , कहानियाँ, समीक्षा , अनुवाद व आलेख प्रकाशित। विदेशी कविताओं के अ…

View profile & all 17 Poems / Stories