कवि की नदी

सिद्धेश्वर सिंहSiddheshwar Singh

1 min read · 12.4K reads

पता नहीं यह कब से है
आई कहाँ से
अवतरित हुई किसी अन्य लोक से
या कि जन्मी यहीं की मिट्टी-पानी से

जो भी जैसा भी रहा हो इतिहास
मुझे कुछ-कुछ पता है इसके होने का
इसने यहीं के पत्थरों को पुचकार कर
राह बनाई सजल होने की
और लहर-दर-लहर उभरती रही कविता की धार
यह कवि की नदी है
इसे प्यार से देखा जाना चाहिए चुपचाप

असंख्य नदियाँ है इस धरा पर
मनुष्यों के अशेष रेवड़ में
कवियों की गिनती का भी नहीं कोई पारावार
किताबों से बाहर आकर
कभी ध्यान से सुनो अगर
इस पर बने पुल से गुज़रती रेलगाड़ी को
तो साफ़ सुनाई देगा—
मैं नदी
मैं केन
मैं कवि
मैं केदार!

सिद्धेश्वर सिंह
About the poet

सिद्धेश्वर सिंह Siddheshwar Singh

जन्म- ११ नवंबर १९६३ को ग्राम मिर्चा, जिला: गाजीपुर, उत्तर प्रदेश में जन्म। शिक्षा- एम.ए. हिंदी और हिंदी कथा साहित्य के आंदोलन विषय पर पी-एच.डी.। प्रकाशित कृतियाँ- विभिन्न पत्रिकाओं में कवितायें , कहानियाँ, समीक्षा , अनुवाद व आलेख प्रकाशित। विदेशी कविताओं के अ…

View profile & all 17 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like