ख़ुदा के वास्ते नफ़रत का खेल ख़त्म करो
ये दुश्मनी ये अदावत का खेल बंद करो
कि होगी जंग से दोनों तरफ़ ही बर्बादी
मरेंगे लोग यक़ीनन मिटेगी आबादी
लहू बहेगा जलेंगे मकान लोगो के
तबाह होंगे बस इस से जहान लोगो के
ज़मीं फटेगी तो फिर आसमान टूटेगा
ये सारी दुनिया का माहौल चीख उट्ठेगा
लगेगा दाग़ फिर इंसानियत के दामन पर
गिरेंगे बम के ये गोले किसी के आँगन पर
ये जंग वक़्त की तहज़ीब को कुचल देगी
ये जंग अम्न के फूलों को भी मसल देगी
की इस से अम्न की तहज़ीब की तबाही है
ये कैसा ज़ुल्म है ये किस की बद-निगाही है
न होगा जंग से तुम को कभी भी कुछ हासिल
पनप न पाएगा सदियों तलक ये मुस्तक़बिल
ये जंग कुछ नहीं देगी तबाहियों के सिवा
नतीजा कुछ भी न होगा बुराइयों के सिवा








