तज़्किरा मेरी जवानी का वहाँ काम आया
उस ने अंगड़ाई ली जिस वक़्त मिरा नाम आया
क़त्ल-नामा जो ज़रूरत से उठाया उस ने
मुस्कुराने लगा जिस वक़्त मिरा नाम आया
दिल को पामाल किया उस की हक़ीक़त क्या थी
आप के नाम का था आप ही के काम आया
इश्क़-बाज़ी में मिरी दोस्तो इतनी थी हयात
दिल लगाना था कि बस मौत का पैग़ाम आया
जान जब दी है तो ये मर्तबा उल्फ़त में मिला
यार के नाम के हमराह मिरा नाम आया
बज़्म-ए-साक़ी की मुझे रोज़ ख़बर मिलती है
दिल मिरा कहता है गर्दिश में वहाँ जाम आया
बचपना गुज़रा शबाब आ गया तेवर बदले
इतनी मुद्दत में मिरे क़त्ल का हंगाम आया
जब मुझे ख़त में लिखा आशिक़-ए-जाँबाज़ लिखा
हिफ़्ज़ करते रहे अब तक न मिरा नाम आया
उन को मालूम हुआ जैसे ये आशिक़ है मिरा
फिर न उस दिन से कोई नामा-ओ-पैग़ाम आया
आया मय्यत पे लहद में भी उतारा मुझ को
जिस से उम्मीद न थी कुछ वो मिरे काम आया
देखने वालों की अब जान का बचना है मुहाल
पूरी ज़ीनत किए वो शोख़ सर-ए-बाम आया
उस को फिर अपने ही सीने से लगाया मैं ने
उस के कूचे से जो मेरा दिल-ए-नाकाम आया
दिन तो फ़ुर्क़त का कटा रात कटेगी क्यूँकर
दिल धड़कता है कि अब शाम का हंगाम आया
बाद मरने के मुझे आप से ख़िफ़्फ़त ये है
जान तो मौत ने ली आप पे इल्ज़ाम आया
जब सुना उन का शबाब आया तो कहता है 'शफ़ीक़'
मिन्नतें मानी हैं जब क़त्ल का हंगाम आया








