दामन-ए-चाक को सीने का हुनर रखते हैं
हैं जो ख़ामोश क़रीने का हुनर रखते हैं
गरचे ख़ाली है तिरी बज़्म में अपना ये अयाग़
हम मगर आँख से पीने का हुनर रखते हैं
आसमानों से हमारी तो कभी बन न सकी
हर सितम-ज़ार में जीने का हुनर रखते हैं
थी अमावस की घनी रात मगर आँखों में
अश्क-ए-ख़ूँ अपने नगीने का हुनर रखते हैं
सोच की लम्बी मसाफ़त में ठहर कर इक पल
ख़्वाब जैसे मय-ओ-मीने का हुनर रखते हैं
इक समुंदर कि जो गहरा है अबद की मानिंद
दिल के सब राज़ दफ़ीने का हुनर रखते हैं








