जब तमाम भले लोग
जीवन के विषय में चिंतित थे
प्रकट होने को थी
कभी न कभी
कौतूहल में आदिम बर्बरता
सब कुछ नष्ट होने के भय से
जड़-चेतन में
कंपन था
सब कुछ उजाड़ होना था
किसी भी समय
ऊसर की तरह
कुछ नया रचने की कोशिशें
गुप-चुप प्रकट करने ही वाली थीं
कोई भव्य
चमत्कार
कि ठीक उसी समय
बजने लगे शंख और डमरू
प्रारंभ हो गए
अत्याचारियों के राष्ट्रगान
हमेशा की जाने वाली
देश और आदमी को बचाने की मंत्रणाएँ
खोज रही थीं सिर छिपाने की जगह।








