मतलब की बात शक्ल से पहचान जाइए

रियाज़ ख़ैराबादीरियाज़ ख़ैराबादी

1 min read · 12.4K reads

मतलब की बात शक्ल से पहचान जाइए

मैं क्यूँ कहूँ ज़बान से ख़ुद जान जाइए

आए वो नज़्अ' में भी न हसरत निकालने

अब ज़ेर-ए-ख़ाक ले के सब अरमान जाइए

उस भोली भोली शक्ल के हो जाइए निसार

उन भोली भोली बातों के क़ुर्बान जाइए

बाँहें गले में डालिए भी अब हँसी-ख़ुशी

ये है शब-ए-विसाल कहा मान जाइए

क्या था जो मुस्कुराते हुए कह गए अभी

ख़ाक आ के मेरे दर की ज़रा छान जाइए

मेहमाँ-नवाज़ उन सा कोई दूसरा नहीं

जी में है उन के घर कभी मेहमान जाइए

है क़स्द आज हज़रत-ए-दिल उन की बज़्म का

अल्लाह आप का है निगहबान जाइए

जा बैठिए तुनुक के ज़रा मुझ से फिर अलग

बे-कुछ कहे सुने भी बुरा मान जाइए

बद-युम्न मेरे हक़ में है सुब्ह-ए-शब-ए-विसाल

खोले हुए न बाल परेशान जाइए

क्या ताब है 'रियाज़' तुम्हारी ज़बान की

रंगीनी-ए-कलाम के क़ुर्बान जाइए

रियाज़ ख़ैराबादी
About the poet

रियाज़ ख़ैराबादी

View profile & all 49 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like