दुश्मन की तरफ़ हो के निकलने नहीं देते
हम को वो बुरी राह भी चलने नहीं देते
आँखें हमें तलवों से वो मलने नहीं देते
हम चुटकियों से दिल को मसलने नहीं देते
कहते हैं मय-ए-नाब हसीनों का है जोबन
हम बज़्म में अपनी उसे ढलने नहीं देते
वो क्या लहद-ए-ग़ैर को पामाल करेंगे
चलते हुए फ़िक़रे भी तो चलने नहीं देते
जलता हूँ बचाते हैं उसे सोज़-ए-दरूँ से
दुश्मन को मिरी आग में जलने नहीं देते
नाज़ुक है मिरे नख़्ल-ए-तमन्ना की हर इक शाख़
इस ख़ौफ़ से वो फूलने-फलने नहीं देते
कब बोसे लिए उन के जो बल खाए हैं गेसू
तुम गालों को क्यूँ ज़हर उगलने नहीं देते
आई है ये कहती हुई किस की शब-ए-फ़ुर्क़त
हम रंग ज़माने को बदलने नहीं देते
डर है न दुपट्टा कहीं सीने से सरक जाए
पंखा भी हमें पास से झलने नहीं देते
क्यूँ हम को जलाते हो दम-ए-वस्ल ये क्या है
क्यूँ फूँकते हो शम्अ' को जलने नहीं देते
है जान मिरी कशमकश-ए-नज़अ' में दिन-रात
अरमान तो क्या दम भी निकलने नहीं देते
खुलने नहीं देते कभी कम-ज़र्फ़ी-ए-वाइ'ज़
हम रिंद पिला कर भी उबलने नहीं देते
जाता हूँ तो आती है यही तूर से आवाज़
हम देखने वालों को सँभलने नहीं देते
क्या काम 'रियाज़' आने को सौ बार बहार आए
हम को ये हसीं फूलने-फलने नहीं देते








