फिर भी - पूरन मुद्गल

पूरन मुद्गलपूरन मुद्गल24 Sept 1931

3 min read · 12.4K reads

पाती थी न कोई
न कोई संकेत था अभिसार का
बहुत पहले
सुनी-पढ़ी-सी
तूफ़ानी रात की
सूनी डगर थी
चल पड़ा मैं
मिलन की आस में
फिर भी ।

गीत मैं लिखता रहा
बिन छंद के / बिन ताल
उन्हें न कोई दे सकेगा स्वर
मुझे यह ज्ञात था
फिर भी ।

उम्र की लंबी सड़क पर
मुड़ चला वापिस
जानता था
नहीं मिलेंगे
घर-गली-कूचे / पुराने लोग / कोई दोस्त
यादों का पाथेय था
फिर भी ।
पूरन मुद्गल
About the poet

पूरन मुद्गल

View profile & all 12 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like