पहली वर्षा - पूरन मुद्गल

पूरन मुद्गलपूरन मुद्गल24 Sept 1931

3 min read · 12.4K reads

मौसम की पहली वर्षा पर
कुछ तुम लिखो
इससे पहले
बूँदें कुछ बेहतर लिख जातीं
अक्षर-अक्षर जोड़-जोड़ कर
धरती की कोरी तख़्ती पर
बूँदों ने हरियाली लिख दी

धरती की सोई सोंधी ख़ुशबू
उठ बैठी ले अंगड़ाई
चातक का सस्वर स्वाति-पाठ
वन-प्रान्तर का आतप हरती
शीतल फुहार

पहली जलधारा के स्वागत में
मल्हार राग के स्वर जागे
वीणा झंकृत
नाना रंगों के स्वप्न
हुए साकार ।
पूरन मुद्गल
About the poet

पूरन मुद्गल

View profile & all 12 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like