सफ़र में ही छुपी उन की ख़ुशी है

पूजा भाटियापूजा भाटिया11 Aug 1977

1 min read · 12.4K reads

सफ़र में ही छुपी उन की ख़ुशी है

मुसाफ़िर को मसाफ़त बंदगी है

नज़र सब आ रहा है साफ़ काला

अँधेरों में भी कितनी रौशनी है

परेशाँ हूँ मैं दिन में रौशनी से

तो शब में चाँदनी पीछे पड़ी है

उदासी है तो फीका रंग लेकिन

ये मुझ तस्वीर का इक रंग ही है

ख़ता इस में नहीं है आइने की

ये सारी गर्द चेहरों पर जमी है

बदन मेरा है इक वीराँ मकाँ, पर

मकीं बन कर ये वहशत रह रही है

गले लग कर मिरे सहरा जो रोया

जो बाक़ी तिश्नगी थी बुझ गई है

ज़मीं के पाँव भारी हैं फ़लक से

ये उखड़ी अन-मनी रहने लगी है

पूजा भाटिया
About the poet

पूजा भाटिया

मूल नाम : पूजा भाटिया जन्म : 11 Aug 1977 | मुंबई, महाराष्ट्र

View profile & all 12 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like