दूर हों या पास - प्रेमचन्द गांधी

प्रेमचन्द गांधीप्रेमचन्द गांधी26 Sept 1967

5 min read · 12.4K reads

कितनी लम्बी दूरियाँ हैं
और कितनी सीमाएँ हैं हमारे बीच कि
जब दर्द से फटा जा रहा हो तुम्हारा सिर
मैं कुछ नहीं कर सकता
सिवा सांत्वना के दो शब्द कहने के
जब तुम्हें सबसे ज़्यादा ज़रूरत होती है मेरी
मैं तुम्हारे पास नहीं होता
जब तुम्हें चाहिये होता है मेरा हाथ
मैं नहीं होता अक्सर तुम्हारे साथ
कितनी भोली और भली हो तुम
जो सहज ही कर लेती हो मुझ पर विश्वास
मैं नहीं जानता
कैसे काम कर जाते हैं मेरे कुछ शब्द
तेज़ बुखार या भयानक सरदर्द में
मेरे जुकाम पर घर को अस्पताल बना देने वाली
मेरी बातों से क्यों बहल जाती हो
इतना भोलापन अच्छा नहीं
कब समझोगी तुम कि
मेरे शब्द पुरुषोचित संजीदगी से ज़्यादा कुछ नहीं
तुम्हारे साथ या पास होकर भी मैं क्या कर लेता
सर दबा देता या माथा चूम लेता
और तुम ख़ुश हो जाती

हम दूर हों या पास मगर एक साथ
एक विश्वास भरे स्पर्श या चुम्बन की प्रतीक्षा में
ज़िंदगी जीने का रोज़ाना अभ्यास करते हैं
प्रेमचन्द गांधी
About the poet

प्रेमचन्द गांधी

View profile & all 66 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like