लड़ाइयाँ-2 - प्रेमचन्द गांधी

प्रेमचन्द गांधीप्रेमचन्द गांधी26 Sept 1967

10 min read · 12.4K reads

जितने देश हैं
उतनी ही सेनाएँ हैं दुनिया में
हर देश का सैनिक देशभक्‍त सैनिक
एक देशभक्‍त सैनिक
दूसरे देशभक्‍त सैनिक का दुश्‍मन
होता है क्‍यों
यह नहीं मालूम
मैं अपनी माँ से प्रेम करता हूँ तो
दूसरे की माँ दुश्‍मन क्‍यों है
ये तमाम सेनाएँ देशभक्‍तों की हैं
या कि दुश्‍मनों की
इस धरती पर लगता है
सारी फौजें हैं
सिर्फ़ दुश्‍मनों की
पड़ोसी दुश्‍मन देश हो या
देश के भीतर पल रहे दुश्‍मन हों
सभी से निपटने के लिए चाहिए सेना
जिस देश से न रहा कभी वास्‍ता
वहाँ भी चली जाएँगी फौजें
और किसी के स्‍वार्थ में मारे जाएँगे
दोनों तरफ़ के सैनिक
दूर देश में लड़ने जाता फौजी
सोचता ही रह जाता है
हम क्‍यों जा रहे हैं वहाँ
उन्‍होंने तो मेरा कुछ नहीं बिगाड़ा
लेकिन आदेश तो आदेश है और
फौजी आदेश का तो कहना ही क्‍या
देशभक्ति के सारे गीत
दुश्‍मन को ललकारने के प्रयाण-गीत
वतन पर क़ुरबान होने के गीत
अपने ह्रदय के अंतस्‍थल से जानता है
एक सच्‍चा फौजी कि
कुल जमा इन्सान को इन्सान से
लड़ा देने के गीत हैं
जिन्‍हें बेचने हैं हथियार
करना है कहीं पर कब्‍ज़ा
वे ही तय करते हैं देशभक्ति के मानक
वे किसी भी नाम पर
जगा सकते हैं देशभक्ति की भावना
वे छेड़ सकते हैं गृहयुद्ध
वे मजबूर कर सकते हैं किसी भी देश को
अपने दुश्‍मन से लड़ने के लिए
लोग जहाँ भी लड़ेंगे
वहीं हथियार बिकेंगे
लोग लड़ाइयों में मरेंगे तो
फूलों का कारोबार बढ़ेगा और
उसी तादाद में ताबूतों का
सौदागरों का क्‍या है
उन्‍हें तो बस माल की बिक्री से मतलब है
लड़ाई चलती रहनी चाहिए
लड़ते हुए लोग
सौदागरों की सबसे बड़ी ज़रूरत हैं
और लड़ाइयों का क्‍या है
वे कभी बुनियादी सवालों पर नहीं होतीं
इसीलिए इतिहास में
कोई लड़ाई निर्णायक नहीं होती
निर्णायक तो मौत होती है
जो हर लड़ाई के बाद
अट्टहास करती नाचती है
ज़िन्दगी का नाच तो जंगलों के साथ चला गया
अब तो महज शोर है हथियारों का
जिसे ही संगीत कहा जा रहा है
और लोग हैं कि नाचे जा रहे हैं
दुनिया के सारे फूल
सैनिकों-सिपाहियों की टोपियों के लिए हैं
बच जाएँ तो ताबूतों के लिए
प्रेम के लिए तो एक फूल ही काफ़ी है ।
प्रेमचन्द गांधी
About the poet

प्रेमचन्द गांधी

View profile & all 66 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like